न्यूज डेस्क
05 February, 2026
अन्य
नीमच। चोरी करने वालों के लिए नीमच केंट अब सुरक्षित ठिकाना नहीं रहा। पुलिस की पैनी नज़र, तकनीकी निगरानी और सटीक मुखबिर तंत्र ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराध चाहे जितना चालाकी से किया जाए, बच नहीं सकता।
वीर पार्क रोड स्थित राधिका साड़ी सेंटर से पर्स चोरी की सनसनीखेज वारदात में नीमच केंट पुलिस ने महज़ दो दिन में बड़ा खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। चोरी की रकम और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को लेकर पूछताछ जारी है।
कैसे दिया गया वारदात को अंजाम
दिनांक 02 फरवरी 2026 को फरियादिया अवनी जोशी, निवासी कुकड़ेश्वर, ने थाना नीमच केंट पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दो व्यक्ति ग्राहक बनकर उनकी दुकान पर आए। पहले दुपट्टा खरीदा, फिर वापस लौटकर सस्ती साड़ी दिखाने का बहाना बनाया।
जैसे ही फरियादिया दुकान के भीतर साड़ी निकालने गई, मौका पाकर दोनों आरोपियों ने काउंटर की दराज से खाकी-भूरे रंग का पर्स उड़ा लिया, जिसमें 500-500 के नोटों में 50 हजार रुपये नकद रखे थे। वारदात को अंजाम देकर दोनों आरोपी फरार हो गए।
FIR दर्ज, फिर शुरू हुआ पुलिस का एक्शन मोड
फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना नीमच केंट में अपराध क्रमांक 54/2026, धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। इसके बाद पुलिस ने बिना वक्त गंवाए जांच शुरू की।
50 CCTV, सायबर सेल और मुखबिर नेटवर्क बना हथियार
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में टीम ने
क्षेत्र के करीब 50 CCTV कैमरे खंगाले, सायबर सेल नीमच से तकनीकी सहायता ली,
और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
दो दिन में गिरफ्त में आए आरोपी
दिनांक 04 फरवरी 2026 को मिली पुख्ता सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर नदीम पिता मोहम्मद हमीद, उम्र 30 वर्ष, निवासी कच्ची बस्ती, निम्बाहेड़ा
सलमान पिता निसार, उम्र 34 वर्ष, निवासी मोर मगरी, हाल मुकाम गांधीनगर, चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
मशरूका बरामदगी को लेकर पूछताछ जारी
आरोपियों से चोरी गए पर्स, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे और खुलासे संभव हैं।
टीम वर्क बना सफलता की कुंजी
इस पूरी कार्रवाई में
निरीक्षक नीलेश अवस्थी,
प्रधान आरक्षक मनोज भाटी,
सायबर सेल नीमच
एवं थाना नीमच केंट की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।