न्यूज डेस्क
04 February, 2026
अन्य
नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पालसोड़ा में मंगलवार–बुधवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 45 वर्षीय व्यक्ति ने अपने ही घर में आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा बुधवार सुबह उस समय हुआ, जब परिजन उसे चाय देने उसके कमरे में पहुंचे। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को शंका हुई और उन्होंने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा, जहां व्यक्ति फांसी के फंदे पर लटका मिला।
परिजन तत्काल उसे नीचे उतारकर उपचार के लिए नीमच जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। जिला अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुकेश पिता शंकर लाल जोशी, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम पालसोड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलते ही जीरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बुधवार सुबह जिला चिकित्सालय में शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने परिवार के साथ ग्राम पालसोड़ा में निवास करता था। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि इस आत्मघाती कदम के पीछे के कारणों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।