ताजासमाचार

भगवान के घर फिर चोरी ! जावद के हनुमान मंदिर की दानपेटी दोबारा टूटी, इलाके में आक्रोश—पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

न्यूज डेस्क 30 January, 2026 अन्य

नीमच। जिले के जावद नगर में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। बीती रात बावल दरवाजा स्थित प्रसिद्ध हनुमानजी मंदिर की दानपेटी को अज्ञात चोरों ने एक बार फिर निशाना बनाते हुए तोड़ दिया और उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह मंदिर खुलने पर पुजारी और श्रद्धालुओं के पहुंचने पर घटना का खुलासा हुआ, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

गौरतलब है कि इसी हनुमान मंदिर की दानपेटी कुछ दिन पहले भी चोरी का शिकार हो चुकी है। लगातार दूसरी बार हुई इस घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि बार-बार हो रही चोरी की घटनाएं धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जावद पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की प्रक्रिया शुरू करते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

स्थानीय नागरिकों और मंदिर समिति के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मंदिर क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए और दानपेटी की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं। साथ ही आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

Related Post