न्यूज डेस्क
29 January, 2026
अन्य
नीमच | सोने-चांदी के लगातार बढ़ते दामों ने जहां आम लोगों की जेब पर असर डाला है, वहीं कई मामलों में लालच और बेईमानी की आशंकाएं भी बढ़ा दी हैं। ऐसा ही एक मामला नीमच के केंट थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां गिरवी रकम और चांदी के जेवरात को लेकर उठा विवाद अब गंभीर रूप लेता जा रहा है।
बुधवार शाम घंटाघर क्षेत्र में उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले के रामबावली से आए एक परिवार और नया बाजार स्थित मनोहर टेक्सटाइल्स के संचालक के बीच विवाद हो गया। पीड़ित पक्ष मुकेश नाथ और उनकी माता चन्नाबाई ने आरोप लगाया कि उन्होंने वर्षों पूर्व विश्वास के आधार पर दुकानदार मनोहर धाड़ेती के पास करीब 4 किलो चांदी के जेवरात गिरवी रखे थे। परिवार का कहना है कि आवश्यकता पड़ने पर उन्होंने 80 हजार और 30 हजार रुपये दो अलग-अलग खातों में उधार लिए थे, जिसके बदले बिना किसी लिखित दस्तावेज के भारी कंदौरा सहित अन्य चांदी के आभूषण गिरवी रखे गए थे।
बढ़ते भावों के साथ उठी बेईमानी ?
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि चांदी के भाव में अचानक आए उछाल के चलते दुकान संचालक मनोहर धाड़ेती की नीयत बदल गई। पीड़ितों का कहना है कि जब वे अपने चांदी के जेवरात वापस लेने दुकान पहुंचे तो दुकानदार ने जेवरात होने से ही इनकार कर दिया और कथित रूप से धक्का-मुक्की कर उन्हें दुकान से बाहर निकाल दिया। विवाद बढ़ने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और मामला केंट थाने तक पहुंच गया।
दुकानदार का पक्ष
वहीं दूसरी ओर, दुकान संचालक मनोहर धाड़ेती ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने केंट थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि उनका पुश्तैनी कपड़ों का व्यवसाय है और संबंधित परिवार उनसे केवल वस्त्र ही खरीदता रहा है। किसी भी प्रकार की चांदी की ज्वेलरी गिरवी रखने की बात को उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
इस संबंध में केंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि लिखित दस्तावेज और ठोस साक्ष्य नहीं होने के कारण मामला कानूनी रूप से जटिल हो गया है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
व्यापारी संघ ने सोपा ज्ञापन
इसी प्रकरण और इससे जुड़े घटनाक्रमों को लेकर गुरुवार को वस्त्र व्यवसायी कल्याण संघ समिति, नीमच के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संघ ने आरोप लगाया कि 28 जनवरी 2026 को मनोहर टेक्सटाइल्स पर कुछ पुरुष एवं महिलाएं पहुंचे और गिरवी रकम को लेकर बेबुनियाद आरोप लगाते हुए गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी दी तथा महिलाओं को आगे कर मानसिक दबाव बनाने का प्रयास किया।
व्यापारी संघ का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं पहले भी रामपुरा, मनासा, मल्हारगढ़ और कुकड़ेश्वर क्षेत्रों में सामने आ चुकी हैं। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ऐसे असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो इससे व्यापारियों की सुरक्षा, सम्मान और जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
फिलहाल व्यापारी संघ और पीड़ित परिवार दोनों पक्षों द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है और मामले की जांच जारी है।