ताजासमाचार

मोरवन पूरी तरह बंद ! टेक्सटाइल फैक्ट्री के विरोध में निर्णायक ग्राम सभा आयोजित 

आशीष बैरागी 28 January, 2026 अन्य

नीमच/मोरवन | मोरवन में प्रस्तावित टेक्सटाइल फैक्ट्री के विरोध को लेकर आज बुधवार को ग्राम सभा का आयोजन किया जा रहा है। इस ग्राम सभा को लेकर गांव में अभूतपूर्व माहौल देखने को मिल रहा है। फैक्ट्री के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने के लिए ग्रामीणों के साथ-साथ युवा बड़ी संख्या में ग्राम सभा में शामिल होने को तैयार हैं। स्थिति यह है कि ग्राम सभा में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए गांव की चाय-नाश्ता, सब्जी, किराना सहित लगभग सभी दुकानें बंद रखी गई हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि मोरवन में लगने जा रही टेक्सटाइल फैक्ट्री को लेकर गांव में लंबे समय से असंतोष है और इसी को लेकर आज ग्राम सभा में फैक्ट्री के विरोध में प्रस्ताव पारित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि टेक्सटाइल फैक्ट्री का मामला फिलहाल माननीय उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और न्यायालय द्वारा अभी फैक्ट्री निर्माण पर रोक लगाई गई है।

ग्राम सभा को लेकर मोरवन में ऐसा उत्साह पहले कभी नहीं देखा गया। सुबह से ही गांव में चहल-पहल है और लोग ग्राम सभा स्थल की ओर जुटते नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि ग्राम सभा गांव के प्रत्यक्ष लोकतंत्र का सबसे मजबूत मंच है, जहां विकास से जुड़े फैसले जनता की भागीदारी से लिए जाते हैं।

मोरवन की यह ग्राम सभा न केवल टेक्सटाइल फैक्ट्री के विरोध का मंच बनेगी, बल्कि यह भी दिखाएगी कि जब गांव एकजुट होता है, तो लोकतंत्र की आवाज कितनी मजबूत हो सकती है।

Related Post