डेस्क न्यूज़
27 January, 2026
अन्य
नीमच | नीमच में सड़क हादसे में भैंस की मौत से आहत एक पशुपालक ने मंगलवार को प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। कार्रवाई न होने से परेशान पीड़ित पशुपालक कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और जनसुनवाई के दौरान प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए परिसर में लोट लगाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सावन, तहसील नीमच निवासी पशुपालक मुन्नालाल पिता प्रभुलाल 12 दिसंबर 2025 की शाम अपनी भैंस को सड़क पार करा रहे थे।
इसी दौरान नीमच की ओर से तेज रफ्तार में आ रही ईको कार क्रमांक एमपी-44-जेडएफ-1143 ने लापरवाहीपूर्वक ओवरटेक करते हुए भैंस को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में भैंस गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि मुन्नालाल और उनका पुत्र बाल-बाल बच गए। टक्कर के बाद कार चालक वाहन साइड में लेने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन का नंबर नोट कर लिया और मौके की तस्वीरें भी सुरक्षित कर लीं।घायल भैंस को तत्काल पशु चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान 15 दिसंबर 2025 को उसकी मौत हो गई। भैंस की मौत से पशुपालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
मुन्नालाल ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस चौकी एवं सिटी थाना नीमच में आवेदन दिया गया और नियमानुसार पोस्टमार्टम भी कराया गया, लेकिन एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो आरोपी वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और न ही किसी प्रकार की क्षतिपूर्ति प्रदान की गई।
प्रशासनिक कार्रवाई न होने से आहत होकर पीड़ित ने कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन सौंपते हुए दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। पीड़ित का कहना है कि उसकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जिससे मजबूर होकर उसे यह कदम उठाना पड़ा।