डेस्क न्यूज़
25 January, 2026
अन्य
नीमच। मध्य प्रदेश शासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित खेलो एमपी यूथ गेम्स के अंतर्गत राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का आयोजन 27 से 30 जनवरी 2026 तक सागर में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त जिलों की जूडो टीमें सहभागिता करेंगी। इसी क्रम में नीमच जिले से 22 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
नीमच जिला जूडो एसोसिएशन के सचिव एवं मुख्य प्रशिक्षक भरत सिंह कुमावत ने बताया कि चयनित दल में 12 बालक एवं 10 बालिकाएं शामिल हैं। यह टीम सहायक प्रशिक्षक त्रषिता सौलंकी, खूबी देपन एवं कमलेश नागदा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लेगी।
बालक वर्ग में चयनित खिलाड़ियों में हर्ष कुमावत, मयंक वर्मा, वेदांत चारण, राकेश नागदा, अब्बास, दक्ष मांगरिया, सूरज चौधरी, प्रेम सोनी, दिलखुश नागदा, मंथन डाबले, मयंक परमार एवं जलज बोरीवाल शामिल हैं। वहीं बालिका वर्ग में काजल, रानू जोशी, वंदना पाटीदार, मनीषा रेगर, वंशीका नागलोद, रिया पाटीदार, मिनाक्षी जोशी, अलफिया मंसूरी, भावना सौलंकी एवं रिद्धिमा सैनी का चयन हुआ है।
इन सभी खिलाड़ियों का चयन 18 जनवरी 2026 को नोडल खेल विद्यालय शासकीय बालक उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, नीमच में आयोजित जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने तकनीक, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया।
नीमच जिला जूडो एसोसिएशन एवं खेल प्रेमियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि ये खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर जिले एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगे।