डेस्क न्यूज
22 January, 2026
अन्य
नीमच | श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में चार दिवसीय वसन्तोत्सव 2026 का शुभारम्भ उत्साह, उमंग और छात्राओं की जोशीली सहभागिता के साथ हुआ। वसन्तोत्सव के प्रथम दिवस खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेकर अपने कौशल और ऊर्जा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करते हैं, बल्कि मानसिक विकास, सामाजिक कौशल, अनुशासन, टीम भावना और तनाव प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से मिलने वाली सीख जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उपयोगी सिद्ध होती है।
प्रथम दिवस आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में चेयर रेस, बोरा रेस, चम्मच रेस एवं स्लो साइकिल रेस प्रमुख आकर्षण रहीं। चेयर रेस में वेदिका यादव ने प्रथम, राशि सोनी ने द्वितीय तथा चन्द्रकला प्रजापति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बोरा रेस में अरफीना मेवाफरोश प्रथम, ममता कुमारी द्वितीय एवं रचना धाकड़ तृतीय स्थान पर रहीं। चम्मच रेस में प्रियांशी तोमर ने प्रथम, खुशी मेहरा ने द्वितीय और कुमकुम राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्लो साइकिल रेस में करिश्मा ने प्रथम तथा खुशी धनगर ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
इसके पश्चात मांडना एवं मेहंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और रंगों व कलात्मकता से माहौल को और भी जीवंत बना दिया।
वसन्तोत्सव के द्वितीय दिवस 23 जनवरी को वसंत पंचमी के पावन अवसर पर महाविद्यालय परिसर में स्थापित देवी सरस्वती की प्रतिमा का विधिवत पूजन किया जाएगा। इसके बाद प्रसाद वितरण एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। तृतीय दिवस 24 जनवरी को भव्य वसंत मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें छात्राएं विभिन्न व्यंजनों, हस्तशिल्प सामग्री एवं मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों की स्टॉल लगाकर अपनी उद्यमशीलता का परिचय देंगी। वसन्तोत्सव का समापन 27 जनवरी को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।
प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी एवं वसन्तोत्सव प्रभारी डॉ. बीना चौधरी ने छात्राओं से अधिकाधिक सहभागिता कर वसन्तोत्सव को उत्साहपूर्वक, अनुशासित और यादगार बनाने का आह्वान किया।