डेस्क न्यूज
21 January, 2026
अन्य
नीमच। जिला जेल नीमच के अंतर्गत जेल मुख्यालय के निर्देशानुसार 20 जनवरी 2026 को जिला जेल कनावटी में बंदियों के मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य को लेकर एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य बंदियों को तनाव, अवसाद और मानसिक दबाव से बाहर निकालते हुए उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवन की दिशा में प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम उप जेल अधीक्षक एन.एस. राणा के मार्गदर्शन में तथा जेल चिकित्सक डॉ. अजीत सिंह की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में जिला चिकित्सालय नीमच से विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पहुंचकर बंदियों एवं जेल स्टाफ को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और परामर्श प्रदान किया। नेत्र विशेषज्ञ डॉ. संगीता भारती, सहायक प्रोफेसर मनोचिकित्सक डॉ. कृष्णकुमार कारपेंटर, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. हुसैन बेगवाला, सायकेट्रिक ऑफिसर नितेश कुमार एवं जेल फार्मासिस्ट कन्हैयालाल ने अलग-अलग विषयों पर मार्गदर्शन किया। विशेषज्ञों ने बताया कि जेल जीवन में मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद की समस्या आम हो जाती है, लेकिन समय पर सही परामर्श और उपचार से इन समस्याओं पर काबू पाया जा सकता है। उन्होंने बंदियों को मानसिक रूप से मजबूत रहने, सकारात्मक सोच अपनाने और नियमित व्यायाम व दिनचर्या को जीवन में शामिल करने की सलाह दी। शिविर के दौरान यह संदेश दिया गया कि मन और शरीर एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं, जब मन स्वस्थ होता है तो शरीर भी स्वस्थ रहता है और जब शरीर मजबूत होता है तो मन भी संतुलित और शांत बना रहता है। इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से बंदियों में नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और बेहतर भविष्य की उम्मीद जगाने का प्रयास किया गया।