डेस्क न्यूज़
11 January, 2026
अन्य
नीमच | पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति बचाने का सशक्त संदेश लेकर नीमच से उदयपुर तक छह चिकित्सकों की साइकिल यात्रा इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) नीमच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा की जा रही यह अनोखी पहल अरावली पर्वत श्रृंखला को अवैध खनन से बचाने के उद्देश्य से जनजागरूकता फैलाने के लिए की जा रही है।
आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया ने बताया कि अरावली पर्वत श्रृंखला जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, लेकिन लगातार हो रहे अवैध खनन से इस प्राचीन पर्वत श्रृंखला को भारी नुकसान पहुंच रहा है। इसका सीधा असर न केवल प्रकृति पर, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य पर भी पड़ रहा है।
इस साइकिल यात्रा में आईएमए नीमच अध्यक्ष डॉ. मनीष चमड़िया, सचिव डॉ. आदित्य भंडारी, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. प्रकाश पटेल, डॉ. दीपक पाटीदार और डॉ. अर्णव चंदेल शामिल हैं। सभी चिकित्सक नीमच से उदयपुर तक साइकिल चलाकर आमजन को यह संदेश दे रहे हैं कि विकास तभी सार्थक है जब वह प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण के साथ हो।
यात्रा के दौरान चिकित्सक विभिन्न स्थानों पर रुककर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहे हैं और “पेड़–पर्वत बचाओ, भविष्य सजाओ” का संदेश दे रहे हैं। उन्होंने आमजन के साथ-साथ प्रशासन से भी अपील की है कि अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएँ, ताकि प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखा जा सके।