ताजासमाचार

कंपकंपाती ठंड में भी गूंजा श्रीहनुमान चालीसा का पाठ, भक्ति के आगे फीकी पड़ी शीतलहर

डेस्क न्यूज 07 January, 2026 अन्य

मनासा । कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बीच भी श्रीहनुमानजी के भक्तों की आस्था डगमगाई नहीं। विपरीत मौसम ने भले ही शरीर को कंपकंपाया, लेकिन सनातन परिवारों की अटूट भक्ति ने यह सिद्ध कर दिया कि श्रद्धा के आगे हर कठिनाई छोटी है। नगर में आयोजित सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने भक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया।

अंतरराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के युवा संत एवं रामराष्ट्र के प्रबल उद्घोषक संत श्रीचेतनराम जी की प्रेरणा से नगर में 68वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ श्रीनारसिंह माताजी मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के लाभार्थी महेश मांगीलाल सोनी एवं परिवार ने श्रीहनुमानजी के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित करते हुए सत्संग का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर भजन—कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। भजन गायक श्री राजकुमार मारु ने “मारो बेड़ो पार लगाई दीजो मां अंजनी का लाल” भजन से अपनी भावपूर्ण अरदास प्रस्तुत की। वहीं सत्यनारायण सोनी ने “वानर बांको रे लंका नगरी में मच गयो हाको रे” भजन से श्रीहनुमानजी की वीरता और महिमा का गुणगान किया। कमल विजयवर्गीय ने “खम्मा खम्मा ओ भादवा की माता” भजन के माध्यम से मालवा की वैष्णो देवी मानी जाने वाली भादवामाताजी के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। अशोक लोंगवानी ने “चलो बुलावा आया है” भजन से माता वैष्णो देवी की आराधना की, जबकि अर्पित शर्मा ने “सोना का झांझर बांजणा” भजन से माता के स्वरूप का मनोहारी वर्णन किया।

भजन संध्या को आगे बढ़ाते हुए विजय उपाध्याय ने “महादेव की है दो संतान” भजन के माध्यम से बजरंगबली और भेरूजी का गुणानुवाद किया, वहीं ओम सोनी ने “जय जय हो तुम्हारी बजरंग बली” भजन से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्तों की तालियों और जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।

कार्यक्रम के दौरान श्रीराम प्रभात फेरी मंडल द्वारा सनातन सत्संग मंडल के सहयोग से 4 जनवरी को नगर में सम्पन्न श्रीराम प्रभात फेरी के समागम अवसर पर भव्य स्वागत एवं ऐतिहासिक आयोजन के लिए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया।

सनातन सत्संग मंडल ने जानकारी देते हुए बताया कि 69वां सामूहिक श्रीहनुमान चालीसा पाठ आगामी 13 जनवरी, मंगलवार को रात्रि 8 बजे से श्रीसत्यनारायण मंदिर, अल्हेड दरवाजा पर आयोजित किया जाएगा। मंडल द्वारा सभी सनातन परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म और भक्ति के इस पावन आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई है।

Related Post