डेस्क न्यूज
02 January, 2026
अन्य
नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चल्दु में शुक्रवार सुबह पुराने विवाद को लेकर एक युवक पर 4 से 5 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए नीमच जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही जीरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में घायल युवक के अंकल नवल किशोर सेन सहित परिजनों ने बताया कि घायल युवक भरत पिता हरिप्रसाद सेन, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम चल्दु शुक्रवार सुबह अपनी दुकान के बाहर वाहन पर बैठा हुआ था। इसी दौरान रणजीत सिंह, भोपाल सिंह और कुशाल सिंह वहां पहुंचे और लापरवाही से वाहन अड़ाकर निकल गए। जब भरत ने उन्हें सावधानी से वाहन चलाने की बात कही तो विवाद शुरू हो गया।
परिजनों के अनुसार आरोपियों ने पहले भरत से गाली-गलौज की और फिर दुकान में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। कुछ ही देर में 4 से 5 अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर भरत के साथ बेरहमी से मारपीट की। बीच-बचाव करने आए ग्रामीणों को भी आरोपियों ने धमकियां दीं।
हमले के दौरान भरत के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों का आरोप है कि सेन परिवार और आरोपियों के बीच पहले से ही विवाद चला आ रहा था और इसी रंजिश के चलते यह हमला किया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।