ताजासमाचार

इलाज के दौरान तोड़ा दम : बोरखेड़ी–जवासा सड़क हादसे में घायल 60 वर्षीय वृद्ध की मौत

डेस्क न्यूज 31 December, 2025 अन्य

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोरखेड़ी–जवासा मार्ग पर 29 दिसंबर को हुई सड़क दुर्घटना ने एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 60 वर्षीय रामलाल पिता हजारीलाल भील, निवासी जवासा की मंगलवार शाम जिला चिकित्सालय नीमच में उपचार के दौरान मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 दिसंबर की शाम रामलाल बोरखेड़ी और जवासा के बीच स्थित पुलिया के पास पैदल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामलाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद उन्हें शाम करीब 7:15 बजे जिला अस्पताल नीमच में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा लगातार उपचार किया जाता रहा।

कई दिनों तक चले इलाज के बावजूद रामलाल की हालत में सुधार नहीं हो सका और मंगलवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार भी घायल हुआ था, जिसका उपचार अस्पताल में किया गया।

बुधवार को जिला अस्पताल नीमच में पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Related Post