ताजासमाचार

पति बना हैवान ! पत्नी को ले जाने से मना किया तो फावड़े से कर दिया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ़्तार 

डेस्क न्यूज 31 December, 2025 अन्य

नीमच। नीमच जिले के दूलाखेड़ा गांव में मंगलवार शाम विदाई को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक घटना में बदल गया। गुस्से में आपा खो बैठे पति ने अपनी ही पत्नी पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चित्तौड़गढ़ जिले के निमाड़ा निवासी महेंद्र सिंह अपनी पत्नी पूजा को लेने दूलाखेड़ा गांव आया था। पूजा करीब 20 दिन पहले अपने दादाजी के निधन के बाद शोक व्यक्त करने के लिए अपनी बुआ पुष्पा कुंवर के यहां आई हुई थी। जब महेंद्र अपनी पत्नी को साथ ले जाने लगा, तो पूजा और उसके परिजनों ने फिलहाल उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते उग्र हो गई।

बताया जा रहा है कि पत्नी के इनकार से नाराज महेंद्र सिंह ने पहले अपनी बुआ सास पुष्पा कुंवर के साथ मारपीट की। जब पत्नी पूजा बीच-बचाव करने पहुंची, तो महेंद्र ने पास में रखे फावड़े से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में पूजा के सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए और घायल पूजा को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार पूजा के सिर में गहरी चोटें आई हैं और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति महेंद्र सिंह को हिरासत में ले लिया। अस्पताल में भर्ती पीड़िता पूजा ने पुलिस को दिए बयान में पति के साथ रहने से साफ इनकार करते हुए तलाक की मांग की है। साथ ही उसने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता के बयान, मेडिकल रिपोर्ट एवं प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post