ताजासमाचार

नीमच में यमराज–चित्रगुप्त के रूप में जागरूकता, ऑटो चालकों का निःशुल्क नेत्र परीक्षण

डेस्क न्यूज 29 December, 2025 अन्य

नीमच। आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित सड़क संस्कृति को मजबूत करने के उद्देश्य से यातायात थाना नीमच द्वारा रविवार को एक सराहनीय और प्रभावशाली पहल की गई। थाना परिसर में जहां ऑटो चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, वहीं शहर की सड़कों पर यमराज और चित्रगुप्त की प्रतीकात्मक प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन का सशक्त संदेश दिया गया।
यह जागरूकता कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में आयोजित हुआ। थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर के नेतृत्व में संपन्न इस अभियान के अंतर्गत जिला अस्पताल नीमच की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता भारती एवं उनकी टीम ने करीब 100 ऑटो चालकों का नेत्र परीक्षण किया। जांच के दौरान जिन चालकों में दृष्टि संबंधी समस्या पाई गई, उन्हें जिला अस्पताल में आगे के उपचार हेतु परामर्श दिया गया।
शिविर के दौरान ऑटो चालकों को चालक वर्दी पहनने, वाहन से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाइश दी गई। यातायात पुलिस ने बताया कि चालक की स्पष्ट दृष्टि सुरक्षित यात्रा की बुनियाद है, इसलिए नियमित स्वास्थ्य जांच अत्यंत आवश्यक है।
इसी क्रम में शहर में चलाए गए यातायात जागरूकता अभियान के दौरान लोगों को एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब सुभाष शर्मा यमराज और प्रधान आरक्षक दीपक कोटवारिया चित्रगुप्त की भूमिका में नजर आए। उनके संवादों और प्रतीकात्मक प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों की अनदेखी जीवन पर भारी पड़ सकती है। इस अभिनव प्रयास ने राहगीरों और वाहन चालकों पर गहरा प्रभाव छोड़ा।
अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया गया। नियमों का पालन करने वाले चालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा दो हेलमेट नि:शुल्क वितरित किए गए।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का सम्मान कर स्वयं के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Related Post