डेस्क न्यूज
26 December, 2025
अन्य
नीमच। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत थाना कुकड़ेश्वर पुलिस ने पठारी क्षेत्रों में अवैध गांजे की खेती का बड़ा पर्दाफाश किया है। दिसंबर माह में अलग-अलग तीन कार्रवाईयों के दौरान पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य के गांजे के कुल 33 हजार हरे पौधे, जिनका वजन करीब 7 क्विंटल 65 किलो है, जप्त कर बड़ी सफलता हासिल की है।
यह कार्रवाई मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक मध्य प्रदेश के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन, उप पुलिस महानिरीक्षक रतलाम रेंज तथा पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित कुमार जायसवाल के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मनासा निकिता सिंह के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर निरीक्षक भीम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया।
पुलिस अधीक्षक नीमच द्वारा अपराध समीक्षा बैठक के दौरान सभी थाना प्रभारियों को अफीम, गांजा जैसे मादक पदार्थों की अवैध खेती के विरुद्ध ड्रोन एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से सर्चिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत थाना कुकड़ेश्वर क्षेत्र के दुर्गम पठारी इलाकों में लगातार निगरानी की गई।
पहली कार्रवाई :- 5 दिसंबर 2025 को ग्राम श्योपुरिया चक्की वाला क्षेत्र में की गई, जहां गेहूं और रायड़ा की फसल की आड़ में गांजे की खेती की जा रही थी। ड्रोन से पुष्टि होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सर्वे क्रमांक 108 की भूमि से करीब 15 हजार हरे गांजे के पौधे, वजन लगभग 3 क्विंटल 25 किलो, जप्त किए।
दूसरी कार्रवाई :- 22 दिसंबर 2025 को आमद-रगसपुरिया (अमरगढ़) रोड के समीप की गई। यहां पत्थर की मेड वाले खेत में फसलों की आड़ में गांजे की खेती पाई गई। कुकड़ेश्वर, मनासा एवं रामपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने दबिश देकर लगभग 10 हजार गांजे के हरे पौधे जप्त किए।
तीसरी कार्रवाई :- 25 दिसंबर 2025 को ग्राम शिवपुरिया मंदिर वाले क्षेत्र में की गई, जहां कच्चे रास्ते से लगे खेत में गेहूं और रायड़ा की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाए गए थे। पुलिस टीम ने सर्वे क्रमांक 89 की भूमि से करीब 8 हजार हरे गांजे के पौधे जप्त किए।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस द्वारा अवैध गांजे की खेती से संबंधित भूमि के सर्वे नंबर के आधार पर भू-स्वामियों की जानकारी राजस्व विभाग से प्राप्त की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कुकड़ेश्वर निरीक्षक भीम सिंह सिसोदिया सहित थाना कुकड़ेश्वर, मनासा एवं रामपुरा पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है और प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।