ताजासमाचार

एक्शन मोड में नीमच कलेक्टर ! अचानक जिला अस्पताल पहुंचे तो कर्मचारियों में मचा हड़कंप, लापरवाही पर दिए सख्त निर्देश

डेस्क न्यूज 26 December, 2025 अन्य

नीमच। जिले में आमजन को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय नीमच का औचक एवं व्यापक निरीक्षण किया। कलेक्टर के अचानक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में जाकर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और सुधार के स्पष्ट निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सबसे पहले प्रसूति वार्ड, सिजेरियन पश्चात वार्ड एवं शिशु वार्ड का निरीक्षण किया। यहां भर्ती माताओं और नवजात शिशुओं को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाइयों की उपलब्धता और स्टाफ की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने निःशुल्क टीकाकरण अभियान के तहत आयोजित टीकाकरण शिविर का भी निरीक्षण किया और टीकाकरण प्रक्रिया, रिकॉर्ड संधारण तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद किया। उपचार की गुणवत्ता, दवाइयों की उपलब्धता, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता और चिकित्सकीय स्टाफ के व्यवहार को लेकर फीडबैक लिया। मरीजों द्वारा बताई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को सख्त शब्दों में निर्देशित करते हुए कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समय पर उपचार, संवेदनशील व्यवहार, स्वच्छ वातावरण और सुव्यवस्थित सेवाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पताल में अनुशासन और जवाबदेही सर्वोपरि है।

निरीक्षण के अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एसडीएम संजय साहू, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. महेंद्र पाटिल, डॉ. मनीष यादव, डॉ. दिनेश प्रसाद सहित अन्य प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण पश्चात मीडिया से चर्चा में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए निरंतर निगरानी, समय-समय पर निरीक्षण और आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला अस्पताल में किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, ताकि आमजन को बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Related Post