डेस्क न्यूज
25 December, 2025
अन्य
नीमच। नीमच जिले के सीटी थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा के साथ सरेराह मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिजल्ट लेकर लौट रही थी छात्रा, रास्ते में रोका
जानकारी के अनुसार ग्राम खेता खेड़ा निवासी 20 वर्षीय छात्रा, जो नीमच के आर.आर.एम. कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा है, बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे कॉलेज से रिजल्ट लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान भाटखेड़ा फोरलेन के पास ग्राम हिंगोरिया निवासी मोनू उर्फ गोलू (बाछड़ा) ने उसका रास्ता रोक लिया।
बात करने का दबाव, इंकार पर भड़का आरोपी
आरोपी ने छात्रा पर जबरन बात करने का दबाव बनाया। छात्रा के मना करने पर आरोपी आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमले में छात्रा के बाएं कान में अंदरूनी चोटें आई हैं।
राहगीरों ने बचाई जान
छात्रा की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद राहगीर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। जाते-जाते आरोपी ने छात्रा को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि उसने आगे बात करने से मना किया तो उसे खत्म कर देगा।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद छात्रा अपने परिजनों के साथ थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 323 , 294 और 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।