ताजासमाचार

नीमच के आवासीय क्षेत्र में अवैध निर्माण और मांस विक्रय से हालात तनावपूर्ण, नागरिकों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की

डेस्क न्यूज 23 December, 2025 अन्य

नीमच। शहर के एक आवासीय क्षेत्र में अवैध निर्माण और मांस विक्रय की गतिविधियां लगातार जारी रहने से स्थानीय निवासी परेशान हैं। बंगला नं. 41 की 64 वर्षीय दलजीत कौर और उनके परिजन संदीप वाधवा ने इस गंभीर मामले को लेकर कलेक्टर नीमच, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और नगर पालिका में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इसके बावजूद मौके पर बिना अनुमति निर्माण कार्य और अंडा-चिकन की दुकान संचालित हो रही है।

पीड़िता दलजीत कौर ने बताया कि उनका निवास मार्ग मात्र 8 फीट चौड़ा है, जो पहले से ही संकरा है। इसी मार्ग पर हो रहे अवैध निर्माण के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। इसके अलावा पूर्णतः आवासीय क्षेत्र में अंडे एवं चिकन की दुकानें खोली जा रही हैं, जो नगर नियोजन और नियमों के खिलाफ है। शिकायत में यह भी बताया गया कि मुख्य मार्ग पर संचालित इन दुकानों के कारण रात 11-12 बजे तक असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है, जिससे क्षेत्र की शांति भंग हो रही है और महिलाओं व वरिष्ठ नागरिकों को असुरक्षा और परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

दलजीत कौर ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित निर्माण की वैधता की जांच कराई जाए और यदि यह अवैध पाया गया तो तत्काल निर्माण कार्य रुकवाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही आवासीय क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों पर पूर्ण रोक लगाई जाए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक उदासीनता को दर्शाता है और उनका विश्वास प्रशासन पर कमजोर हो रहा है।

Related Post