डेस्क न्यूज
23 December, 2025
अन्य
नीमच। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे राज्य स्तरीय अभियान के तहत नीमच पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुकडेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस ने गेहूं और रायड़ा की फसल की आड़ में की जा रही अवैध गांजे की खेती का खुलासा करते हुए करीब 10 हजार हरे पौधे जब्त किए हैं, जिनका कुल वजन लगभग 3 क्विंटल 12 किलो आंका गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित कुमार जायसवाल के निर्देशन में अंजाम दी गई।
मुखबिर की सूचना पर खेत में दबिश
थाना प्रभारी कुकडेश्वर निरीक्षक भीम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में कुकडेश्वर, मनासा व रामपुरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
दिनांक 22 दिसंबर 2025 को प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम आमद–रगसपुरिया (अमरगढ़) रोड स्थित एक खेत पर दबिश दी। खेत में गेहूं और रायड़ा की फसल के बीच पत्थर की मेड के पास अवैध रूप से उगाए गए गांजे के करीब 10 हजार छोटे-बड़े हरे पौधे पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
भूमि स्वामी की जानकारी जुटा रही पुलिस
जिस खेत से गांजे की खेती का खुलासा हुआ है, वह सर्वे क्रमांक 85 पर स्थित है। प्रकरण में भूमि स्वामी के संबंध में राजस्व विभाग से जानकारी प्राप्त की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।
दिसंबर में दूसरी बड़ी सफलता
गौरतलब है कि इसी माह 05 दिसंबर 2025 को भी कुकडेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम श्योपुरिया चक्कीवाला स्थित सर्वे क्रमांक 108 के खेत से 03 क्विंटल 25 किलो गांजे के लगभग 15 हजार हरे पौधे जब्त किए गए थे। दिसंबर माह में यह थाना कुकडेश्वर पुलिस की मादक पदार्थों के विरुद्ध दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना कुकडेश्वर, थाना मनासा एवं थाना रामपुरा पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक नीमच द्वारा पूरी टीम की सराहना करते हुए अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।