डेस्क न्यूज
22 December, 2025
अन्य
नीमच। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा शौर्य दिवस के अवसर पर पूरे भारतवर्ष में आयोजित किए जा रहे शौर्य संचलन की श्रृंखला के तहत रविवार को नीमच जिले के बघाना क्षेत्र में भव्य अभ्यास शौर्य संचलन निकाला गया। इस आयोजन में कार्यकर्ताओं ने अनुशासन, शौर्य और संगठनात्मक एकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
जानकारी देते हुए विहिप जिला मंत्री कैलाश मालवीय ‘नाना’ ने बताया कि शौर्य संचलन का शुभारंभ बघाना अग्रवाल पंचायत भवन से हुआ। संचलन श्रीराम चौक, फतेह चौक, होली चौक, पुलिस चौकी, नया बाजार एवं रामदेव बाबा मंदिर से होते हुए पुनः अग्रवाल पंचायत भवन पर संपन्न हुआ।
संचलन के दौरान बजरंग दल के सभी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी गणवेश में दंड और ध्वज के साथ कदमताल करते हुए चलते नजर आए। पूरे मार्ग में अनुशासन, शौर्य, संगठन की एकजुटता और राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश दिया गया। शौर्य संचलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही, जिससे नगर का वातावरण उत्साह और ऊर्जा से भर गया।
इस अवसर पर बौद्धिक सत्र में विभाग गौ रक्षा प्रमुख लक्ष्मण राठौर ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की भूमिका, राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता और गौ रक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से अनुशासित जीवन अपनाने, चरित्र निर्माण पर ध्यान देने और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
शौर्य संचलन के दौरान नगर की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं एवं नागरिकों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया, जिससे आयोजन की गरिमा और भी बढ़ गई।