ताजासमाचार

प्रधानमंत्री आवास योजना से अरनिया कुमार के मुकेश को मिली किराए के मकान से मुक्ति, नीमच जिले में हजारों परिवारों का सपना हुआ साकार

डेस्क न्यूज 21 December, 2025 अन्य

नीमच। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना ने नीमच जिले के ग्रामीण अंचलों में रहने वाले सैकड़ों परिवारों के जीवन में खुशहाली और सुरक्षा का नया सवेरा ला दिया है। इस योजना के तहत जिले के पात्र लाभार्थियों को पक्के आवास की सुविधा मिली है, जिससे वे अब अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं।

ग्राम पंचायत जगोली के ग्राम अरनिया कुमार निवासी मुकेश दास बैरागी प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का लाभ पाकर बेहद खुश हैं। पहले वे किराए के मकान में रहकर हर माह किराया चुकाने को मजबूर थे, जो उनके लिए आर्थिक रूप से काफी बोझिल था। योजना के अंतर्गत उन्हें पक्का आवास निर्माण के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इसके साथ ही मकान निर्माण के दौरान की गई मजदूरी का भुगतान उन्हें मनरेगा योजना के तहत मिला। आज मुकेश अपने परिवार के साथ अपने स्वयं के पक्के मकान में रह रहे हैं और किराए के मकान की चिंता से पूरी तरह मुक्त हो गए हैं। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

इसी ग्राम के निवासी शंभू दयाल पिता हरिराम भी पहले कच्चे मकान में निवास करते थे, जहां बरसात के दिनों में उन्हें और उनके परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत से 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि स्वीकृत होने के बाद उन्होंने पक्के आवास का निर्माण कराया। आवास निर्माण के दौरान की गई मजदूरी का भुगतान भी पंचायत द्वारा प्रदान किया गया। अब उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो चुका है और वे अपने परिवार के साथ उसमें सुखपूर्वक रह रहे हैं। पक्का मकान बनने से न केवल उन्हें बारिश और अन्य असुविधाओं से राहत मिली है, बल्कि गांव में उनका मान-सम्मान भी बढ़ा है।

उल्लेखनीय है कि नीमच जिले में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत योजना प्रारंभ होने से अब तक कुल 31,185 आवास निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 24,582 हितग्राहियों ने अपने पक्के आवास का निर्माण पूर्ण कर लिया है, जबकि 6,603 आवासों का निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। यह योजना जिले के हजारों परिवारों के लिए सुरक्षित आशियाने का सपना साकार कर रही है और ग्रामीण जीवन को मजबूती प्रदान कर रही है।

Related Post