डेस्क न्यूज
09 December, 2025
अन्य
नीमच। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थ तस्करी एवं नशे के विरुद्ध जारी प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के तहत नयागांव पुलिस चौकी ने बड़ी सफलता हासिल की है। जावद थाना क्षेत्र में चौकी प्रभारी मंगलसिंह राठौड़ व उनकी टीम ने 221 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा और मारुति वैन के साथ एक आरोपी को दबोच लिया।
पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया और एसडीओपी जावद रोहित राठौर के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी जावद निरीक्षक जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में की गई।
इस तरह हुई कार्रवाई
दिनांक 07 दिसंबर 2025 को गुठलई–गुर्जरखेड़ी सांकला रोड पर पानी की टंकी के पास पुलिस नाकाबंदी चल रही थी। इसी दौरान गुठलई की ओर से मारुति वैन क्रमांक RJ-06-UA-4065 आती दिखाई दी। पुलिस चेकिंग देखते ही चालक ने वाहन को कट मारकर तेज गति से भगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अधिग्रहण वाहन की मदद से वैन को रोक लिया।
चालक से पूछताछ में उसने अपना नाम सुखदेव पिता नाथूराम गुर्जर (उम्र 45 वर्ष), निवासी रावलीकुड़ी थाना रामपुरा, जिला नीमच बताया। वैन की तलाशी लेने पर उसमें 221 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत डोडाचूरा और वाहन को विधिवत जब्त किया तथा आरोपी सुखदेव को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में नयागांव पुलिस टीम की सतर्कता व त्वरित कार्रवाई महत्वपूर्ण रही, जिससे बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ तस्करी पर रोक लगाई जा सकी।