डेस्क न्यूज
29 November, 2025
अन्य
नीमच। बघाना थाना क्षेत्र के पटेल मोहल्ला में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 32 वर्षीय प्रह्लाद पिता सुरेश रेगर ने अज्ञात कारणों के चलते अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब उसकी पत्नी बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौटी।
घर का दरवाजा खोलते ही पत्नी ने प्रह्लाद को फंदे पर लटका देखा तो वह चीख उठी। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी और परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रह्लाद को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार प्रह्लाद हम्माली का कार्य करता था। शुक्रवार रात उसकी पत्नी एक पारिवारिक कार्यक्रम के चलते मायके में रुकी थी और सुबह करीब 10 बजे वह घर लौटी थी, जहां उसने प्रह्लाद को सामान्य अवस्था में देखा। बच्चे को स्कूल छोड़कर वापस आने पर यह हृदय विदारक दृश्य सामने आया।
सूचना मिलते ही बघाना थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।