डेस्क न्यूज
27 November, 2025
अन्य
नीमच। स्वच्छता रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन कर रहे नीमच शहर को अब और बेहतरी की राह पर ले जाने के लिए नगरपालिका की महिला नेतृत्व टीम पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुकी है। नपाध्यक्ष स्वाति चोपड़ा और सीएमओ दुर्गा बामनिया की सक्रियता और नवाचारों ने शहर में “बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” अभियान को नई दिशा दी है। उनकी जुगलबंदी न केवल नगर पालिका टीम में नई ऊर्जा भर रही है, बल्कि यह संदेश भी दे रही है कि रचनात्मक सोच और दृढ़ संकल्प के साथ महिला नेतृत्व किसी भी शहर की तस्वीर बदल सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान से प्रेरित होकर नीमच नगरपालिका ने स्वच्छता सुधार को लेकर कई अभिनव प्रयोग शुरू किए हैं। पिछले वर्ष राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय स्वच्छता रैंकिंग में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने के बाद अब लक्ष्य है—रैंकिंग में और ऊंचाई पाना, विशेषकर ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ श्रेणी में शानदार प्रदर्शन करना।
इसी दिशा में नगरपालिका द्वारा किए जा रहे क्रिएटिव कार्य शहरवासियों का ध्यान खींच रहे हैं।
सीएमओ बंगले के सामने कबाड़ से तैयार भारत का खूबसूरत नक्शा इन प्रयासों का सबसे बड़ा आकर्षण बना हुआ है। यह न केवल कला का उत्कृष्ट उदाहरण है बल्कि “कचरे से कंचन” बनाने की सोच का भी सशक्त प्रतीक है। इसके साथ ही ट्रेंचिंग ग्राउंड को कबाड़ और बेकार पड़ी सामग्री से सजाकर नया रूप दिया गया है। पुराने ड्रमों को गमलों में बदलकर बड़े पौधे लगाए गए हैं, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रहे हैं।
नगरपालिका परिसर की बाउंड्री पर ‘NMC’ का भव्य स्ट्रक्चर भी ‘बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट’ मॉडल पर तैयार किया जा रहा है, जिसे रात में आकर्षक लाइटिंग से रोशन किया जाएगा। यह स्ट्रक्चर नीमच की स्वच्छता पहचान को मजबूत करेगा और ‘नीमच म्यूनिसिपल काउंसिल’ के रूप में शहर की नई पहचान बनेगा।
इन सारे नवाचारों के केंद्र में हैं—नगर पालिका की दोनों शीर्ष महिला, जिनका नेतृत्व आज नगरवासियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणा बना हुआ है। उनकी कार्यशैली, समर्पण और सकारात्मक सोच यह साफ दर्शाते हैं कि यदि लक्ष्य बड़ा हो और नीयत मजबूत, तो सीमित संसाधनों में भी बड़े बदलाव संभव हैं।
हालांकि स्वच्छता सिर्फ सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है। नियमित सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी उतनी ही जरूरी है। यदि यह प्रयास इसी गति से जारी रहे, तो आने वाले स्वच्छता सर्वेक्षण में नीमच निश्चित रूप से नई उड़ान भरेगा।
नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बताया कि स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के लिए “वेस्ट आउट ऑफ वेस्ट” महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके अंक भी रैंकिंग में शामिल होते हैं। इसलिए नीमच नगरपालिका इस दिशा में तेजी से काम कर रही है, ताकि शहर और सुंदर व स्वच्छ दिखाई दे।