डेस्क न्यूज
24 November, 2025
अन्य
नीमच। पुलिस की सतर्कता और विशेष अभियान के चलते जिले में चल रहे अवैध जुआ-सट्टे का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है। शनिवार देर रात भवानीमंडी पुलिस ने गणेश बाग कॉलोनी, पचपहाड़ क्षेत्र में कार के अंदर सट्टा खेलते पांच आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लाख 37 हजार 400 रुपए नकद, करीब 6 लाख रुपए का जुआ-सट्टा का हिसाब-किताब, चार मोबाइल फोन और एक कार (आरजे 20 सीसी 0095) जब्त की।
जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि क्षेत्र में चोरी-छिपे चल रहे जुआ-सट्टे पर रोक लगाने के लिए सभी थानों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भवानीमंडी थाने में थानाधिकारी रमेशचंद मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम के हेड कांस्टेबल भोलाराम और जाप्ते ने कार को सुनसान स्थान पर खड़ा कर पांचों आरोपियों को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए कार को चलते-फिरते सट्टा केंद्र के रूप में इस्तेमाल करते थे। वे कार को जंगल, फार्महाउस या निर्जन स्थानों पर खड़ा कर घंटों तक सट्टा खेलते थे। शनिवार रात भी इसी तरकीब का प्रयोग करते हुए यह गिरोह मध्यप्रदेश–राजस्थान बॉर्डर के पास जुआ-सट्टा संचालित कर रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में चार नीमच जिले के और एक भवानीमंडी क्षेत्र का निवासी है। जिसमे मोहम्मद अली पिता मोहम्मद युसुफ, उम्र 23 वर्ष, निवासी अमर कॉलोनी, नीमच (थाना बघाना), हिमांशु पुत्र संतराम, उम्र 27 वर्ष, निवासी बाग पिपलिया, नीमच (थाना बघाना), नितिन शर्मा पुत्र बाबूलाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी अमर कॉलोनी, नीमच (थाना बघाना), लक्की कोटिया पुत्र रोहित कोटिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी शक्ति नगर, नीमच (थाना बघाना), बादल वर्मा पुत्र बाबूलाल, उम्र 23 वर्ष, निवासी इंदिरा कॉलोनी, पचपहाड़ (थाना भवानीमंडी), राजस्थान
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों तथा नेटवर्क की जांच की जा रही है। अवैध जुआ-सट्टे के विरुद्ध यह कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी।