डेस्क न्यूज
19 November, 2025
अन्य
नीमच। उपनगर नीमच सिटी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को झांसी की रानी महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती बड़े सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। वीरांगना के अदम्य साहस और संघर्ष की कहानियों ने छात्राओं में नई ऊर्जा, देशभक्ति और आत्मविश्वास का संचार किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थापित महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर प्राचार्य बालकिशन बनौधा द्वारा माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि लक्ष्मीबाई स्वतंत्रता संग्राम की अग्रिम पंक्ति की वीरांगना थीं, जिनके शौर्य, त्याग और नेतृत्व ने देश के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि उनका जीवन हर बालिका को निडर होकर अपने सपनों की ओर बढ़ने और अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की प्रेरणा देता है।
आयोजन में विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएँ उपस्थित रहीं। सभी ने प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर राष्ट्र की इस वीर पुत्री को नमन किया। हेमलता वर्मा ने अपने प्रभावशाली उद्बोधन में कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई सिर्फ इतिहास की नायिका नहीं, बल्कि हर उस लड़की की प्रेरणा हैं जो साहस और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन में आगे बढ़ना चाहती है।
कार्यक्रम का संचालन मधुलिका शर्मा ने किया। विद्यालय के शिक्षकों ने वीरांगना की वीरता और देशभक्ति से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए, जिससे पूरा परिसर गर्व और सम्मान की भावनाओं से गूंज उठा।