ताजासमाचार

आश्रम के पास जहरीला कचरा डंपिंग! ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

डेस्क न्यूज 18 November, 2025 अन्य

नीमच। जावद रोड स्थित केसपुरा नयागाँव में खेड़ापति बालाजी मंदिर आश्रम के पास जमा हो रहे जहरीले कचरे को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और आश्रम प्रबंधन में गहरी नाराज़गी है। इसी मुद्दे को उठाते हुए महंत हरीओम गिरि एवं ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कचरा डंपिंग को तत्काल हटवाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
महंत हरीओम गिरि के अनुसार, आश्रम से सटे विजय सिंह पिता गौतम सिंह के खेत में ठेकेदार दीपक शर्मा (निवासी जयपुर) द्वारा लंबे समय से जहरीला कचरा फेंका जा रहा है। इस कचरे से उठने वाली तेज दुर्गंध ने आसपास के रहने वालों का जीना मुश्किल कर दिया है। लगातार फैलती बदबू के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है, वहीं बरसात के दौरान बहने वाला दूषित पानी आसपास बने कुओं में मिलकर पीने के पानी को भी प्रदूषित कर रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कचरे में मौजूद पॉलीथीन हवा में उड़कर आश्रम परिसर और पास के चारागाह क्षेत्र तक फैल रही है। कई मवेशियों ने यह पॉलीथीन निगल ली, जिससे उनकी मौत तक हो गई। लगातार बढ़ रहे प्रदूषण और स्वास्थ्य जोखिमों ने ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस समस्या पर हस्तक्षेप नहीं किया, तो क्षेत्र में पर्यावरण और जन-स्वास्थ्य दोनों पर गंभीर असर पड़ेगा। ग्रामीणों ने कचरा हटवाने, डंपिंग पर रोक लगाने और संबंधित ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Post