डेस्क न्यूज
17 November, 2025
अन्य
ढाका | बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को ढाका की इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने हत्या के लिए उकसाने और हत्या का आदेश देने के दो गंभीर मामलों में मौत की सजा सुनाई है। ट्रिब्यूनल ने हसीना को 2024 के छात्र आंदोलन के दौरान हुई 12 हत्याओं का मास्टरमाइंड बताया है। इसी मामले में पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान को भी दोषी मानते हुए फांसी की सजा सुनाई गई है। तीसरे आरोपी और पूर्व IGP अब्दुल्ला अल–ममून को सरकारी गवाह बनने के आधार पर 5 साल की सजा दी गई है। फैसले के ऐलान के बाद कोर्ट रूम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर इसका स्वागत किया। कोर्ट ने हसीना और असदुज्जमां की संपत्ति जब्त करने के आदेश भी जारी किए हैं। दोनों नेता पिछले 15 महीनों से बांग्लादेश से फरार हैं और भारत में रह रहे हैं। सजा पर प्रतिक्रिया देते हुए शेख हसीना ने फैसला “गलत, पक्षपाती और राजनीतिक रूप से प्रेरित” बताते हुए कहा कि यह निर्णय एक गैर-निर्वाचित सरकार द्वारा संचालित ट्रिब्यूनल ने दिया है, जिसके पास जनता का कोई जनादेश नहीं है।