डेस्क न्यूज
15 November, 2025
अन्य
नीमच। अखिल भारतीय राव भाट समाज नीमच जिला अध्यक्ष पद के लिए चुनाव स्थानीय महिला बस्ती गृह में शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। चुनाव में जिले के 13 गांवों के 240 पंजीकृत मतदाताओं में से 222 मतदाताओं ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाया। समाज द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार इस चुनाव में केवल पुरुष सदस्यों को मतदान का अधिकार दिया गया था।
चुनाव में रमेश बामनिया (नीमच) और घागु महाराज (धनेरिया कला) के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। मतगणना के बाद घोषित परिणामों में रमेश बामनिया ने 80 मतों के भारी अंतर से विजय हासिल कर अखिल भारतीय राव भाट समाज, नीमच जिला अध्यक्ष पद पर कब्ज़ा जमाया। जीत की घोषणा होते ही समाजजनों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष का फूल-मालाओं से स्वागत कर खुशी जताई।
विजय के बाद रमेश बामनिया ने कहा कि यह जीत समाज के विश्वास और समर्थन का परिणाम है। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकता समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करना, बच्चों और युवाओं को बेहतर शिक्षा दिलाना तथा दहेज प्रथा व बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों पर पूर्ण रोक लगाने की रहेगी। साथ ही युवाओं को रोजगार उन्मुख गतिविधियों से जोड़ने हेतु भी विशेष पहल की जाएगी।
उन्होंने बताया कि समाज के धार्मिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों की सुविधा के लिए भादवा माता क्षेत्र में राव भाट समाज की धर्मशाला का निर्माण उनकी प्रमुख योजनाओं में से एक है। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए 12 गांवों में नगर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सचिव, महामंत्री और मीडिया प्रभारी की नियुक्तियां की हैं। साथ ही उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी घागु महाराज को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपकर सौहार्दपूर्ण संदेश दिया, जिसे समाज ने सराहनीय निर्णय बताया।