ताजासमाचार

गायत्री परिवार द्वारा जिला स्तरीय गोष्ठी सम्पन्न, शताब्दी वर्ष 2026 की तैयारियों पर बनी कार्ययोजना

न्यूज डेस्क 10 November, 2025 अन्य

नीमच। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन रविवार, 9 नवंबर को गायत्री शक्तिपीठ नीमच पर सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं देवपूजन के साथ हुआ। इसके पश्चात जावद तहसील समन्वयक कमल ऐरन ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत कर गोष्ठी के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।गोष्ठी का संचालन करते हुए जिला समन्वयक गिरिराज सिंह चौहान ने शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा चलाए जा रहे अखंड दीप अभियान एवं वंदनीय गुरुमाता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष 2026 की तैयारियों पर विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने मंडलों के गठन, साप्ताहिक समूह साधना, संस्कार विस्तार एवं पत्रिका प्रचार-प्रसार से संबंधित दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान श्रद्धेय डॉ. चिन्मय पंड्या का वीडियो संदेश भी प्रोजेक्टर के माध्यम से परिजनों को दिखाया गया, जिसमें शताब्दी वर्ष की कार्ययोजना और समाजोत्थान के संकल्प पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
गोष्ठी में यह निर्णय लिया गया कि नीमच जिले की छह तहसीलों — नीमच, जावद, मनासा, जीरन, रामपुरा और सिंगोली — में प्रति तहसील 24 मंडलों का गठन कर नवंबर अंत तक साप्ताहिक साधना और संस्कार गतिविधियों को गति दी जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक तहसील में अखंड ज्योति, युग निर्माण, और प्रज्ञा अभियान पत्रिकाओं के पाठक सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। “पत्रिका पाठक बढ़ाओ अभियान” चलाने, पुस्तक मेले के आयोजन, शताब्दी वर्ष 2026 के आयोजन हेतु साधकों का पंजीयन कराने, अंशदान एकत्रित करने और मंडलों के माध्यम से ज्योति कलश यात्रा में सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय भी लिया गया।गोष्ठी में विभिन्न तहसीलों के समन्वयकों — जीरन से रामजस पाटीदार, रामपुरा से ओमप्रकाश गुप्ता, नीमच से गणपत लाल तौर तथा मनासा से दिनेश खाबिया—ने अपनी-अपनी तहसीलों में चल रही गतिविधियों की जानकारी साझा की। साथ ही यह घोषणा की गई कि 16 नवंबर,रविवार को मनासा शक्तिपीठ पर पाठक सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिलेभर के परिजनों को आमंत्रित किया गया है।गोष्ठी के अंत में आभार प्रदर्शन गायत्री शक्तिपीठ नीमच के मुख्य ट्रस्टी कैलाशचंद्र अहीर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में नीमच जिले की सभी शाखाओं के सक्रिय परिजन एवं मातृशक्ति उपस्थित रही।

Related Post