न्यूज डेस्क
05 November, 2025
अन्य
नीमच \ मोरवन। आदिनाथ गौशाला के सामने बन रही टेक्सटाइल फैक्ट्री के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज़ होता जा रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बच्चे धरना स्थल पर पहुंचे ओर “जय जवान, जय किसान”, “फैक्ट्री हटाओ, मोरवन बांध बचाओ” जैसे जमकर नारे लगाए।
ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाला दूषित पानी मोरवन बांध के जल को प्रदूषित करेगा, जिससे क्षेत्र की पेयजल और खेती दोनों पर असर पड़ेगा। वहीं फैक्ट्री से उठने वाला धुआं वायु प्रदूषण का कारण बनेगा, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ सकता है।
धरने पर बैठी महिलाओं ने कहा कि यह फैक्ट्री आबादी क्षेत्र के पास नहीं लगनी चाहिए। ग्रामीणों की मांग है कि फैक्ट्री को किसी दूरस्थ और उपयुक्त औद्योगिक क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शासन-प्रशासन ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा। उन्होंने कहा कि जब तक फैक्ट्री को यहां से हटाया नहीं जाता, तब तक धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
वहीं दूसरी ओर, फैक्ट्री स्थल पर निर्माण कार्य निरंतर जारी है। स्थिति को देखते हुए डीकेन चौकी पुलिस के जवानों के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति पर नज़र रखे हुए है ।