न्यूज डेस्क
04 November, 2025
अन्य
नीमच। सरवानिया महाराज नगर के वार्ड क्रमांक 14 जावी रोड स्थित अति प्राचीन बाबा रामदेव मंदिर में पुजारी और उसके परिजनों द्वारा श्रद्धालुओं को धमकाने व जातिगत गालियां देने के आरोप लगे हैं। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों और भक्तों ने जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर के पुजारी रामप्रसाद गोस्वामी लंबे समय से राजस्थान में रहकर नौकरी कर रहे हैं, जिससे मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना नहीं हो पाती। वहीं, उसका भाई मुकेश गोस्वामी शराब के नशे में आए दिन मंदिर परिसर में अभद्रता करता है और आने वाले भक्तों, खासकर महिलाओं व निम्न वर्ग के श्रद्धालुओं को गाली-गलौज कर रोकता है।
2 नवंबर को स्थिति तब बिगड़ी जब दर्शन करने आए भक्तों को पुजारी द्वारा बुलाए गए 10–15 बाहरी लोगों ने जान से मारने की धमकी दी और कहा कि “अब मंदिर मत आना।” श्रद्धालुओं का आरोप है कि मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों में भी जानबूझकर बाधा डाली जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पुजारी रामप्रसाद गोस्वामी और उसके परिजनों को तत्काल हटाकर मंदिर का प्रबंधन नए पुजारी को सौंपा जाए, ताकि मंदिर में फिर से श्रद्धा और शांति का वातावरण बहाल हो सके। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक को भी भेजी गई है।