डेस्क न्यूज़
31 October, 2025
अन्य
नीमच। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुक्रवार को नीमच स्थित पार्टी कार्यालय तपोभूमि पर भव्य युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता शामिल हुए और एक स्वर में भारत को आत्मनिर्भर एवं सशक्त राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया।
सम्मेलन के प्रारंभ में अतिथियों का पुष्पहार से स्वागत किया गया। इसके बाद वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विश्वगुरु बनाना भाजपा का संकल्प है। इसी दिशा में पार्टी द्वारा लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं में जागरूकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
वक्ताओं ने कहा कि भारत के मजदूर, किसान और युवा — ये राष्ट्र की सच्ची पूंजी हैं। “जिस वस्तु में भारत के मजदूरों का पसीना गिरा है, वही सच्चे अर्थों में स्वदेशी है।”
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार वोकल फॉर लोकल अभियान के माध्यम से हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित कर रही है। यह केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय जनआंदोलन है, जिसमें युवाओं की भूमिका सबसे अहम है।
कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल, जिला संयोजक अशोक विक्रम सोनी, सह संयोजक निलेश पाटीदार, हेमंत हरित, महेंद्र भटनागर, अवंतीका जाट और धन सिंह कैथवास सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने युवाओं से आव्हान किया कि वे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर देश को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में योगदान दें।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने भारत को आत्मनिर्भर और विश्वगुरु बनाने का सामूहिक संकल्प दोहराया। बताते चलें कि भाजपा द्वारा प्रदेशभर में युवाओं और महिलाओं के सम्मेलन आयोजित कर आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है।