डेस्क न्यूज़
29 October, 2025
अन्य
नीमच | भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के तहत निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 9 दिसम्बर 2025 को किया जाएगा।
इस संबंध में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
गहन पुनरीक्षण की तैयारी एवं प्रशिक्षण : 28 अक्टूबर से 3 नवम्बर 2025 तक, प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन : 9 दिसम्बर 2025, दावे एवं आपत्तियाँ प्राप्त करने की अवधि : 9 दिसम्बर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक, दावे-आपत्तियों का निराकरण : 9 दिसम्बर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन : 7 फरवरी 2026
बैठक में निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान सभी योग्य नागरिकों के नाम जोड़े जाएंगे तथा पात्रता तिथि 1 जनवरी 2026 को आधार मानकर कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में जिले के मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अपर कलेक्टर कलेश ने सभी से निर्वाचन कार्य में सहयोग करने एवं मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने की अपील की।