डेस्क न्यूज़
25 October, 2025
अन्य
जावद । जावद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले आलोरी गढ़वाड़ा के गांव की सड़क जावद के विकास की पोल खोल रही है । आलोरी गढ़वाड़ा के वार्ड नंबर 10 स्थित गांव की मुख्य सड़क बारिश के चलते बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, लेकिन पंचायत के जिम्मेदार अब भी अपने हाल में मस्त हैं। वार्ड नंबर 10 की सड़क पर नालियों के जाम और गड्ढों के कारण पानी भरा हुआ है, जिससे स्कूल के बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के ही निवासी निखिल चारण ने बताया कि उन्होंने कई बार पंचायत सचिव राजेश शर्मा को समस्या से अवगत कराया, लेकिन सचिव द्वारा लगातार लापरवाही बरती जा रही है और समस्या को नजरअंदाज किया जा रहा है। ग्रामीण निखिल चारण ने बताया कि हमारे द्वारा सीएम हेल्पलाइन 181पर शिकायत की गई थी, लेकिन उसके बावजूद भी कोई निराकरण नहीं हुआ। समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सचिव राजेश शर्मा न तो समय पर पंचायत पहुंचते हैं और न ही ग्रामीणों की समस्याओं पर ध्यान देते हैं।
सचिव सफर के मजे में ग्रामीण परेशान--
इस पूरे मामले में जब हमने आलोरी गढ़वाड़ा के सचिव राजेश शर्मा से फोन पर संपर्क किया तो सड़क का नाम सुनते ही उन्होंने यह कहकर फोन रख दिया कि मैं बस में सफर कर रहा हूं, मेरे पास समय नहीं है।
सचिव के इस बयान से अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितने तन और मन से पंचायत में विकास का काम चल रहा होगा ।
सरपंच बोले — काम शुरू कर दिया, जल्द करेंगे निराकरण--
इस पूरे मामले में आलोरी गढ़वाड़ा के सरपंच विनय कुमार चारण ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण किए जाने के कारण काम रुका हुआ है। वहीं नालियों की सफाई का काम किया जा रहा है और जल्द ही समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
निचले स्तर के कर्मचारी बिगाड़ रहे बड़े अधिकारियों की छवि--
एक तरफ जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा लगातार ग्रामीण स्तर पर विभिन्न आयोजन कर क्षेत्र को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने का प्रयास कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पंचायतों में बैठे कुछ कर्मचारी अपनी मस्ती में मस्त हैं।
ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि वह इस तरह की लापरवाही पर तुरंत संज्ञान लेकर जिम्मेदार कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई करे