ताजासमाचार

दीपावली से पहले नीमच पुलिस अलर्ट, फटाका मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण

डेस्क न्यूज़ 18 October, 2025 अन्य

नीमच। दीपावली पर्व के मद्देनज़र नीमच पुलिस प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों का दल ‘फटाका मार्केट’ (क्रमांक-2) पहुंचा, जहां त्यौहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण दल में एडिशनल एसपी नवलसिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण चौहान, यातायात प्रभारी अमित सारस्वत सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दुकानदारों और आम नागरिकों से बातचीत कर सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं की जानकारी ली और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा गया है। फटाका मार्केट में फायर सेफ्टी, पार्किंग व्यवस्था, और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतज़ाम किए गए हैं। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को चौकन्ना रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात प्रभारी अमित सारस्वत ने बताया कि दीपावली के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी ताकि लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही पटाखों की बिक्री करने वाले दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि शहरवासियों के सहयोग से त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाएगा।

Related Post