डेस्क न्यूज़
19 September, 2025
अन्य
नीमच | रेवली देवली गांव में स्कूल विवाद को लेकर चल रहे चक्काजाम के बीच शुक्रवार को तनाव उस समय और बढ़ गया जब एक युवक को भीड़ ने बेरहमी से पीट डाला। सूरज नायक नाम का युवक अपनी बीमार मां को अस्पताल ले जाने के लिए रास्ता मांग रहा था, लेकिन गुस्साई भीड़ ने उसकी एक न सुनी और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि युवक जवासा से आ रहा था और अस्पताल की और जा रहा था। कुछ देर पहले ही इस भीड़ में एम्बुलेंस फंस गई थी जो कि शव लेकर जा रही थी।
हालात इतने बिगड़ गए थे कि अगर मौके पर तैनात पुलिस जवान तुरंत बीच में न आते, तो युवक की जान भी जा सकती थी। पुलिसकर्मी की तत्परता ने बड़ा हादसा होने से टाल दिया।
गौरतलब है कि गांव के सरकारी स्कूल में दो छात्रों के बीच हुए झगड़े के बाद यह पूरा विवाद शुरू हुआ था। एक छात्र द्वारा दूसरे छात्र पर हमला किए जाने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को स्कूल से निकालने की मांग करते हुए स्कूल के बाहर चक्काजाम कर दिया।
प्रशासन मौके पर मौजूद तो है—तहसीलदार और डायल 112 की टीम हालात को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है—लेकिन व्यवस्था बनाए रखने में अब तक नाकाम साबित हुई है। सड़क पर लंबा जाम लगा है और लोगों में रोष साफ नजर आ रहा है।