डेस्क न्यूज़
15 September, 2025
अन्य
नीमच। रविवार को नीमच के चोरडिया हॉस्पिटल में स्व. डॉ. कमल कुमार चोरडिया की स्मृति में अन्नपूर्णा सेवान्यास,चोरडिया हॉस्पिटल एवं पेसिफिक हॉस्पिटल अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क हृदय रोग परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। अहमदाबाद से वरिष्ठ कार्डियोवस्कुलर सर्जन डॉ. अनिल जैन अपनी टीम के साथ उपस्थित हुए। उनकी टीम में डॉ. राजन मौदी, डॉ. कुश भट्ट, डॉ. निकुंज शेखड़ा, डॉ. शील द्विवेदी और डॉ. करण शेट्टी जैसे विशेषज्ञ शामिल रहे।शिविर में उन मरीजों को परामर्श दिया गया जिन्हें पहले एंजियोग्राफी, एंजियोप्लास्टी या बाईपास सर्जरी की सलाह दी गई थी। साथ ही सीने में दर्द, सांस फूलना, अनियमित धड़कन और रक्तचाप जैसी समस्याओं वाले रोगियों की भी जांच की गई। लगभग 300 मरीजों ने शिविर का लाभ लिया। डॉ. जैन ने बताया कि उन्होंने और उनकी टीम ने अब तक 500 से अधिक हृदय रोगियों का सफल ऑपरेशन किया है।
डॉ. अनिल जैन ने कहा कि हृदय रोग आज दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य समस्या बन चुका है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार विश्वभर के कुल हृदय रोगियों में से 50 प्रतिशत भारत से होंगे। चिंताजनक बात यह है कि भारत में अब यह रोग युवाओं में तेजी से फैल रहा है और 30 से 40 वर्ष की आयु के लोग भी हृदय सर्जरी की कतार में हैं।उन्होंने लोगों को नियमित व्यायाम, नशा त्यागने, ब्लड प्रेशर और डायबिटीज की समय-समय पर जांच कराने, तनाव कम करने और संतुलित खानपान अपनाने की सलाह दी। डॉ. जैन ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया की लत से दूरी, पर्याप्त नींद और घर-परिवार के साथ समय बिताना भी हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है।उन्होंने पारंपरिक भारतीय आहार जैसे रोटी, दाल, सब्जी और हरी पत्तेदार सब्जियों को अपनाने तथा तैलीय व जंक फूड से बचने की अपील की।