डेस्क न्यूज़
12 September, 2025
अन्य
नीमच | जिले में गोचर भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण और वर्षों से बंद पड़ी गौशालाओं की समस्या को लेकर राष्ट्रीय गौ रक्षा दल ने शुक्रवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो सर्व हिंदू संगठन और समस्त हिंदू समाज के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि गौ माता केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि आधारित आजीविका और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बावजूद इसके जिले में लगातार गोचर भूमियों पर अतिक्रमण बढ़ रहा है, जिससे गायों के लिए चारे की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है।
संगठन के अनुसार, जिले की कई गौशालाएं वर्षों से बंद पड़ी हैं, जिसके कारण बेसहारा और बीमार गौवंश की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है। इस विषय पर पूर्व में भी कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे गौभक्त समाज में गहरी निराशा और आक्रोश व्याप्त है।
ज्ञापन सौंपने पहुंचे राष्ट्रीय गौ रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कृष्णपाल सिंह पंवार और जिलाध्यक्ष श्री सचिन नामदा ने प्रशासन को यह "अंतिम निवेदन" बताया। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने अब भी इन मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया, तो संगठन सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा।
संगठन की मांग है कि:
जिले में सभी बंद गौशालाओं को शीघ्र प्रारंभ किया जाए।
गोचर भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए।
बेसहारा गौवंश के लिए चिकित्सा और चारा व्यवस्था की जाए।
गौ रक्षा दल ने प्रशासन को चेताया है कि यह सिर्फ चेतावनी नहीं, बल्कि गौ माता की रक्षा के लिए जनभावनाओं की आवाज है। यदि सरकार और प्रशासन ने समय रहते उचित कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।