ताजासमाचार

शर्मनाक मप्र पुलिस : बार डांसर संग अश्लील ठुमके लगाते एएसआई और कांस्टेबल सस्पेंड

डेस्क न्यूज़ 08 September, 2025 अन्य

दतिया। मप्र पुलिस की नैतिकता और गरिमा को कलंकित करने वाली एक शर्मनाक घटना दतिया में सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में सिविल लाइन थाने के एएसआई संजीव गौड़ और आरक्षक राहुल बौद्ध एक होटल में बार डांसरों के साथ अश्लील ठुमके लगाते थिरकते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस वीडियो ने मप्र पुलिस की छवि को गहरा धक्का पहुंचाया है। हालांकी घटना को गंभीरता से लेते हुए दतिया पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

धूमिल हुई पुलिस की छवि
पुलिसकर्मी समाज में कानून-व्यवस्था और अनुशासन के प्रतीक माने जाते हैं, लेकिन वर्दीधारियों की यह हरकत जनता के भरोसे को तार-तार करने वाली है। होटल में बार बालाओं संग किया गया यह अश्लील नृत्य न केवल शर्मनाक है बल्कि पुलिस की मर्यादा, नैतिकता और महिलाओं के प्रति पुलिस की जिम्मेदारियों पर भी सवाल खड़े करता है।
सूत्रों के अनुसार एएसआई संजीव गौड़ पहले भी विवादों में रहे हैं। करीब दो वर्ष पूर्व उनका 50 हजार रुपए रिश्वत मांगने का वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसकी जांच अब तक लंबित ही है। अब इस मामले में उनका यह निलंबन सिर्फ लीपापोती साबित ना हो इसकी भी कोई ग्यारंटी नहीं है |
     

महकमे में हड़कंप, जनता में आक्रोश
इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन में भी आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि कानून के रखवाले ही इस तरह अश्लील और शर्मनाक गतिविधियों में लिप्त होंगे, तो आम नागरिक किससे न्याय की उम्मीद रखेगा।

Related Post