अस्थाई दुकानों को लेकर नगरपालिका की रणनीति फेल - बिना आवंटन ही लग रही दुकानें , दुकानदारों ने टेंट - तंबू लगाना किया शुरू - अब अतिक्रमण हटाओं मुहीम सिफर
नीमच। शहर में रक्षाबंधन पर्व को लेकर अस्थाई राखी दुकानों के आवंटन का मामला लगातार विवादों में घिरता जा रहा है।प्रशासन द्वारा यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से इस बार नई प्रक्रिया के तहत अस्थाई दुकानों का आवंटन करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन यह योजना फिलहाल विवादों की भेंट चढ़ गई है।दरअसल,नगर पालिका द्वारा इस वर्ष पहली बार गोटी सिस्टम के माध्यम से शुक्रवार शाम 5 बजे अस्थाई दुकानों का आवंटन किया जा रहा था। इस दौरान करीब 80 दुकानदारों को अस्थाई दुकानें आवंटित की जानी थीं, लेकिन पुराने दुकानदारों ने इस पद्धति का विरोध करते हुए आवंटन प्रक्रिया का बहिष्कार कर दिया। इसके चलते नगर पालिका को यह प्रक्रिया निरस्त करनी पड़ी।विरोध कर रहे दुकानदारों का कहना है कि वे वर्षों से राखी की दुकानें लगाते आ रहे हैं और उनकी 45 दुकानों की सूची पहले से तय है। ऐसे में उन्हें प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनका कहना है कि बरसों से 45 ही दुकानें लगती आई हैं, लेकिन इस बार नगर पालिका ने बिना परामर्श और पुराने दुकानदारों की अनदेखी करते हुए गोटी सिस्टम लागू कर दिया।टैगोर मार्ग पर राखी दुकानों के लिए पहले ही पर्याप्त जगह नहीं है, वहीं तीन दिनों से लगातार अधिकारी मौके पर जाकर निरीक्षण कर रहे हैं, और अतिक्रमण भी हटाया गया है लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। दुकानदारों का आरोप है कि अधिकारी उन्हें सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं और भ्रामक स्थिति बना रखी है।अब जब रक्षाबंधन का त्योहार नजदीक है, अन्य इलाकों में अस्थाई दुकानें सज चुकी हैं और व्यापार शुरू हो गया है, वहीं इन दुकानदारों को अभी तक दुकानें भी आवंटित नहीं हुईं। ऐसे में उन्हें व्यापार में भारी नुकसान की आशंका है। उनका कहना है कि अगर अब तक दुकानें नहीं मिलीं, तो राखी जैसे सीमित समय वाले त्यौहार में वे अपनी लागत भी नहीं निकाल पाएंगे।नगर पालिका की ओर से फिलहाल कोई ठोस बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि अगले दो दिनों में समस्या का समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी। शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और व्यवसायियों को भी राहत देने के बीच संतुलन बनाना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। वहीं कुछ दुकानदारों द्वारा बिना परमिशन के ही शहर के टैगोर मार्ग पर दुकान लगाने हेतु टेंट लगाने का कार्य शुक्रवार देर शाम शुरू कर दिया गया था।
