गोरखनाथ आश्रम में खूनी संघर्ष! कब्जे की कोशिश का आरोप, बाबा योगी मौज नाथ गंभीर घायल
नीमच। जिले के जावद नगर स्थित सीएम राइज स्कूल के समीप बने प्राचीन गोरखनाथ आश्रम में शुक्रवार सुबह कब्जे को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आश्रम में रह रहे बाबा योगी मौज नाथ (65 वर्ष) के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने आश्रम में घुसकर उन्हें बंधक बनाया और लाठी व लोहे के पाइप से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बाबा को पहले शासकीय अस्पताल जावद पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया गया। उनका उपचार जारी है।
घायल बाबा योगी मौज नाथ ने आरोप लगाया कि मोहन कुमार और गजेंद्र शर्मा गोरखनाथ आश्रम पर कब्जा करना चाहते हैं। उनका कहना है कि कुछ दिन पहले भी आरोपी कई लोगों के साथ आश्रम पहुंचे थे और वहां बने झोपड़े, कवेलू तथा अन्य सामान में तोड़फोड़ की थी। बाबा के अनुसार, शुक्रवार सुबह दोनों आरोपित करीब 10 से 12 लोगों के साथ दोबारा आश्रम पहुंचे। आरोप है कि सभी ने पहले उन्हें बंधक बनाया और फिर लाठी एवं लोहे के पाइप से हमला कर दिया। इस हमले में उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
बाबा योगी मौज नाथ ने बताया कि गोरखनाथ आश्रम वर्ष 1970 से स्थापित है। यहां उनके गुरु निवास करते थे, जिनका वर्ष 1991 में निधन हो गया था। आश्रम परिसर में उनके गुरु सहित तीन संतों की समाधियां हैं, जहां वे वर्षों से नियमित पूजा-अर्चना करते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि आश्रम की भूमि पर कुछ लोगों की नजर है और कब्जे की नीयत से लगातार विवाद खड़ा किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के संबंध में दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
