चलती एंबुलेंस में गूंजी नवजात की किलकारी, 108 टीम की सूझबूझ से सुरक्षित हुआ प्रसव
नीमच। 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से शुक्रवार को एक गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव एंबुलेंस में ही कराया गया। समय पर लिए गए निर्णय और टीम के अनुभव के चलते जच्चा और नवजात दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस सराहनीय कार्य की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, मनासा तहसील के कांजड़ा गांव निवासी किरण पति जितेंद्र (27 वर्ष) को प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल नीमच लाया गया था। जांच के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज रतलाम रेफर कर दिया। रतलाम ले जाते समय रास्ते में प्रसूता की प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए 108 एंबुलेंस क्रमांक CG04NZ1263 के पायलट कैलाशचंद्र चौहान और ईएमटी विजय शाक्य ने तत्काल एंबुलेंस को दलोदा चौराहा के पास सुरक्षित स्थान पर रोका और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया शुरू की।
दोनों कर्मचारियों की सूझबूझ और अनुभव के चलते एंबुलेंस में ही सफलतापूर्वक प्रसव कराया गया। कुछ ही देर में महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। प्रसव के बाद जच्चा और नवजात दोनों की हालत सामान्य पाई गई। इसके बाद एंबुलेंस कर्मियों ने मां और नवजात को प्राथमिक उपचार देते हुए आगे की देखभाल और निगरानी के लिए जिला अस्पताल मंदसौर में भर्ती कराया। 108 एंबुलेंस सेवा के कर्मचारियों की इस त्वरित और मानवीय पहल ने एक संभावित बड़ी अनहोनी को टाल दिया। समय पर मिली चिकित्सा सहायता और टीम की तत्परता से सुरक्षित प्रसव संभव हो सका, जिसकी हर ओर सराहना की जा रही है।
