सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सरवानिया महाराज नगर परिषद की सख्ती, कई दुकानदारों पर चालानी कार्रवाई
नीमच \ सरवानिया महाराज। नगर परिषद सरवानिया महाराज ने शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के निर्देशन में स्वच्छता टीम ने नीमच–सिंगोली रोड सहित नगर के विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर जनजागरूकता अभियान भी संचालित किया।
अभियान के दौरान स्वच्छता टीम ने नागरिकों और व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक से पर्यावरण और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही उन्हें प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग से बचने और कपड़े व जूट के थैलों जैसे पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानदार प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते पाए गए। इस पर नगर परिषद की टीम ने उनके खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए पॉलीथिन और अन्य प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। नगर परिषद ने आमजन से अपील की है कि वे "स्वच्छ सरवानिया–प्लास्टिक मुक्त सरवानिया" अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें। परिषद का कहना है कि जनसहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त नगर का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
