नालों में उतरे कांग्रेसी, अगले ही दिन हरकत में आया प्रशासन; बारिश से पहले सफाई पर नगर पालिका का फोकस

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  03 June, 2026
icon

नीमच।  शहर में मानसून की दस्तक से पहले नालों की सफाई का मुद्दा अचानक चर्चा के केंद्र में आ गया है। एक ओर गौरव दिवस के अवसर पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हाथों में फावड़े, गैती और तगारी लेकर नालों में उतर गए, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका ने भी सफाई व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाते हुए पूरे अमले को मैदान में उतारने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

बुधवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कांग्रेसजन स्वयं नालों में उतरकर जलकुंभी और गंदगी निकालते नजर आए। कांग्रेस नेताओं ने इसे जनहित और जनजागरण का अभियान बताते हुए शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। नालों में जमा जलकुंभी और कचरे को हटाने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तस्वीरें पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रहीं।

इसी बीच नगर पालिका परिषद भी सक्रिय हो गई। मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने स्वास्थ्य विभाग और स्वच्छता अमले की विशेष बैठक लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले शहर के सभी प्रमुख नाले, नालियां और जलभराव वाले क्षेत्रों की सफाई हर हाल में पूरी की जाए।

सीएमओ ने नालों की सफाई के लिए गठित चारों विशेष टीमों की समीक्षा करते हुए कहा कि आगामी दिनों में केवल और केवल सफाई कार्य पर फोकस रखा जाए। जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर वहां विशेष अभियान चलाया जाए ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि वर्षा के दौरान यदि कहीं जलभराव की स्थिति बनती है तो संबंधित टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करे। नगर पालिका द्वारा प्रतिदिन मॉनिटरिंग और रिपोर्टिंग की व्यवस्था भी लागू की गई है।

शहर में अब चर्चा इस बात की है कि नालों में कांग्रेसियों के उतरने से जो सफाई का मुद्दा सुर्खियों में आया, उसके बाद प्रशासनिक स्तर पर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। फिलहाल लक्ष्य एक ही है—मानसून से पहले नाले साफ हों और शहर जलभराव की समस्या से बच सके।