खेत पर निगली मौत की गोली, अस्पताल में थम गई सांस, युवक की दर्दनाक मौत
नीमच | मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया रुंडी में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव निवासी देवी सिंह पिता मोहन सिंह बछड़ा (35 वर्ष) ने अज्ञात कारणों के चलते खेत पर सल्फास का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार देवी सिंह सुबह अपने खेत पर गया था। इसी दौरान उसने जहरीली सल्फास की गोलियां खा लीं। बताया जाता है कि सल्फास सेवन के बाद उसने स्वयं परिजनों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन खेत पर पहुंचे और उसे तत्काल जिला चिकित्सालय नीमच लेकर आए।
अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन जहर का असर अधिक होने से उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल आत्मघाती कदम उठाने के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
