दिल्ली में सिंधिया से मिले संदीपसिंह राठौड़, पिपलिया स्टेशन पर ट्रेन ठहराव और यात्री सुविधाओं की उठाई मांग
उज्जैन-चित्तौड़गढ़ पैसेंजर के नियमित स्टॉपेज सहित कोच गाइडेंस सिस्टम और यात्री सुविधाओं के विस्तार का सौंपा ज्ञापन
पिपलिया स्टेशन । भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं युवा नेता संदीपसिंह राठौड़ ने नई दिल्ली में केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट कर क्षेत्र की महत्वपूर्ण रेल एवं यात्री सुविधाओं से जुड़ी मांगों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने रतलाम मंडल के पिपलिया रेलवे स्टेशन पर 09231/09232 उज्जैन-चित्तौड़गढ़-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन के नियमित ठहराव की मांग को लेकर विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में राठौड़ ने बताया कि पिपलिया नगर, रामपुरा, मनासा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों नागरिक एवं श्रद्धालु विभिन्न कार्यों और धार्मिक यात्राओं के लिए उज्जैन आते-जाते हैं। विशेष रूप से भगवान महाकाल के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस रेलमार्ग का उपयोग करते हैं। ट्रेन का पिपलिया स्टेशन पर ठहराव नहीं होने से यात्रियों को मंदसौर या नीमच तक अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ती है, जिससे समय, धन और श्रम की अनावश्यक बर्बादी होती है।
उन्होंने कहा कि पिपलिया रेलवे स्टेशन क्षेत्र का महत्वपूर्ण स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। इसके बावजूद कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि उक्त पैसेंजर ट्रेन का नियमित स्टॉपेज पिपलिया स्टेशन पर स्वीकृत किया जाता है तो स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। इससे धार्मिक, शैक्षणिक, व्यावसायिक एवं सामाजिक यात्राएं अधिक सुगम हो सकेंगी।
राठौड़ ने स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग भी रखी। उन्होंने कोच गाइडेंस सिस्टम स्थापित करने, यात्रियों के लिए बेहतर सूचना व्यवस्था विकसित करने तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं में वृद्धि की आवश्यकता बताई। उनका कहना था कि आधुनिक सुविधाओं के उपलब्ध होने से यात्रियों को ट्रेन के कोचों की सही जानकारी समय पर मिल सकेगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक बनेगी।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ज्ञापन प्राप्त कर मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। राठौड़ ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय क्षेत्र की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि पिपलिया स्टेशन पर ट्रेन ठहराव एवं यात्री सुविधाओं का विस्तार होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा यह क्षेत्र के विकास और बेहतर रेल संपर्क की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
