एनओसी के बदले 40 हजार की मांग का आरोप, पंचायत सचिव के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत
नीमच। जिले की जीरन तहसील अंतर्गत ग्राम चीताखेड़ा में पदस्थ ग्राम पंचायत सचिव पर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) जारी करने के बदले कथित रूप से रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर ग्राम निवासी वकील नाथ ने कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच और वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता वकील नाथ पिता लालुनाथ ने आवेदन में बताया कि उनके स्वामित्व का मकान ग्राम चीताखेड़ा में स्थित है। पूर्व में मकान के आधार पर ऋण लेने के लिए ग्राम पंचायत से एनओसी प्राप्त की गई थी। अब ऋण राशि बढ़ाने और ऋण का नवीनीकरण करवाने के लिए उन्हें पुनः एनओसी की आवश्यकता थी।
आवेदन के अनुसार जब वह एनओसी लेने ग्राम पंचायत पहुंचे तो वहां पदस्थ सचिव घनश्याम ने खर्च के नाम पर एक हजार रुपए की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सचिव के कहने पर उन्होंने उक्त राशि मोबाइल नंबर 9407101055 पर ऑनलाइन ट्रांसफर भी कर दी, लेकिन इसके बावजूद एनओसी जारी नहीं की गई।
वकील नाथ का कहना है कि राशि देने के बाद भी उन्हें लगातार टालमटोल किया जाता रहा और कई बार पंचायत कार्यालय के चक्कर लगाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि 29 मई 2026 को जब वह पुनः एनओसी लेने पहुंचे तो सचिव ने 40 हजार रुपए की अतिरिक्त मांग कर दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने इतनी बड़ी राशि मांगे जाने का कारण पूछा तो सचिव ने कहा कि यदि एनओसी चाहिए तो रुपए देने होंगे, अन्यथा न तो एनओसी मिलेगी और न ही ऋण का नवीनीकरण हो पाएगा।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि रुपए देने से इनकार करने पर सचिव ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और कथित रूप से कहा कि “जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने, कथित रिश्वतखोरी और अनियमितताओं की जांच करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित सचिव के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने शीघ्र एनओसी उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया है ताकि ऋण नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
