नीमच में आम और तरबूज पर खाद्य विभाग की नजर, डेयरियों व फल मंडियों से लिए गए नमूने
5 प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण, आम, तरबूज और घी के नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे गए
नीमच। जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सोमवार को विभिन्न फल विक्रेताओं एवं डेयरियों पर निरीक्षण और नमूना कार्रवाई की गई।
जिला कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर नीमच के निर्देशानुसार तथा डॉ. दिनेश प्रसाद, सीएचएमओ एवं पदेन उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया।
कार्रवाई के दौरान अतीक फ्रूट मर्चेंट से तरबूज का नमूना लिया गया। अनवर हुसैन एंड ब्रदर्स तथा वाहेगुरु फ्रूट्स से बादाम आम के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं शकील एंड ब्रदर्स से दशहरी आम का नमूना लिया गया। इसके अलावा बालाजी दूध डेयरी का निरीक्षण कर घी के दो नमूने जांच के लिए लिए गए।
निरीक्षण के दौरान फल विक्रेताओं के यहां प्रतिबंधित कार्बाइड या अन्य प्रतिबंधित रसायनों का उपयोग नहीं पाया गया, जो उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात है।
खाद्य विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजू सोलंकी एवं यशवंत कुमार शर्मा की टीम द्वारा की गई।
